“मैं यहाँ एक पर्यटक की तरह घूमने नहीं, बल्कि काम करने आया हूँ। पहाड़ के लोगों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और सरकार की हर योजना को उनके दरवाजे तक पहुँचाना ही मेरी सरकार का संकल्प है। मैं जो कहूँगा, वही करूँगा।” यह बात पश्चिम बंगाल के प्रशासनिक प्रमुख तथा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने मंगलवार को कुर्सियांग के गोथल्स ग्राउंड में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद सुवेंदु अधिकारी का यह पहला पहाड़ दौरा था। इस खास मौके पर पहाड़ के सभी राजनीतिक दलों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री का भव्य और संयुक्त संवर्धन (स्वागत) किया। इस सर्वदलीय स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री ने पहाड़वासियों को धन्यवाद देते हुए उत्तर बंगाल के विकास के लिए एक व्यापक ‘रोडमैप’ पेश किया। राजनीतिक रूप से दार्जिलिंग, कुर्सियांग और कालिम्पोंग विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ दार्जिलिंग लोकसभा सीट पर लंबे समय से भाजपा का कब्जा रहा है। पहाड़ को अपना पुराना और वफादार साथी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “अब पहाड़ के लोगों को ‘डबल इंजन’ सरकार का असली फायदा मिलेगा। केंद्र की जो भी परियोजनाएं अब तक रुकी हुई थीं, उन्हें अब पहाड़ पर पूरी तरह लागू किया जाएगा।” पहाड़ के बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कई बड़े वादे किए पहाड़ के लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवा देने के लिए कालिम्पोंग में एक नया मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा और कुर्सियांग अस्पताल को अपग्रेड किया जाएगा। स्वास्थ्य बीमा और रोजगार: राज्य के साढ़े छह करोड़ लोगों को अब ‘आयुष्मान भारत’ स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। साथ ही, ‘GRMG’ योजना के तहत साल में 125 दिन के काम का बड़ा अवसर दिया जाएगा। पहाड़ के युवाओं के हुनर को बढ़ावा देने के लिए ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत एक आधुनिक स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। पहाड़ के निवासियों के लिए बिजली बिल पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी पहले की तरह ही जारी रहेगी। पहाड़, तराई और डुआर्स क्षेत्र के चाय बागानों की स्थिति में सुधार के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। विगत तृणमूल (TMC) सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पहले राज्य में एक ‘नेगेटिव’ सरकार थी। उन्होंने कहा: “पिछली मुख्यमंत्री हमेशा कहती थीं कि पहाड़ से उन्हें वोट नहीं मिलता, इसलिए वह यहाँ के लिए काम भी नहीं करती थीं। वह सिर्फ एक पर्यटक बनकर पहाड़ पर घूमने आती थी। लेकिन आपका यह भाई सुवेंदु यहाँ सैर-सपाटा करने नहीं आया है। पुरानी सरकार का आक्रोष, तोलाबाजी, सिंडिकेट राज और कट-मनी का दौर अब खत्म हो चुका है।” गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (GTA) में हुए कथित भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान बड़े पैमाने पर नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। हमारी सरकार इस तरह से बैकडोर भर्ती नहीं करेगी। सभी भर्तियां परीक्षाओं के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएंगी। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले कुछ महीनों के भीतर पुलिस विभाग और ‘इस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स’ (EFR) में बड़े पैमाने पर पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा में पहाड़ के वीर जवानों और शहीदों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा, “जब भी देश को तोड़ने की साजिश हुई, पहाड़ के वीरों ने डटकर सामना किया। देश की रक्षा में पहाड़ के शहीदों को मेरा प्रणाम।” जनसभा के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी गोथल्स ग्राउंड में चल रहे राज्य सरकार के ‘जन कल्याण शिविर’ में पहुंचे और वहां के कामकाज का निरीक्षण किया। नागरिकों को सभी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन के 19 विभागों के सहयोग से यह तीन दिवसीय शिविर (15 जून से शुरू) राज्यभर में चलाया जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल प्रशासनिक सभा में उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक, गृह राज्य मंत्री विशाल लामा, वित्त राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन और स्थानीय सांसद राजू बिष्ट सहित कई गणमान्य नेता व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *