पश्चिम बंगाल में नशे के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को बालुरघाट में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को रोड रोलर चलाकर नष्ट किया। इस दौरान उनके साथ बालुरघाट के सांसद और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार भी मौजूद रहे। पुलिस और BSF की संयुक्त कार्रवाई में दक्षिण दिनाजपुर के बांग्लादेश सीमा क्षेत्र से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित फेनसिडिल बरामद किया गया था। बुधवार को इसी जब्त नशीले पदार्थ को रोड रोलर की मदद से नष्ट किया गया। रिपोर्ट के अनुसार करीब 2 लाख बोतलें इस कार्रवाई में नष्ट की गईं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस कार्रवाई के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशामुक्त भारत अभियान’ का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालना बेहद जरूरी है। सुवेंदु अधिकारी ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिण दिनाजपुर में पुलिस और BSF के संयुक्त अभियानों के जरिए बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। उन्होंने सीमा क्षेत्र में दोनों एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को नशे के खिलाफ अभियान के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का यह बालुरघाट दौरा कई कार्यक्रमों से जुड़ा है। नशाविरोधी अभियान के अलावा उनके बालुरघाट एयरपोर्ट के काम का निरीक्षण करने और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार के आवास पर जाने का कार्यक्रम भी है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *