तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने ऐलान किया है कि सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी. 28 सितंबर से सीएम विजय नवजात बच्चों के लिए एक ग्राम गोल्ड रिंग की योजना शुरू करेंगे. तमिलनाडु सरकार ने योजना की पहली किस्त के लिए 1.28 लाख एक ग्राम सोने की अंगूठियां खरीदी हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु सरकार के मुताबिक, एक ग्राम सोने की अंगूठी पर यूनिक सीरियल नंबर होगा और इसकी पैकिंग टेम्पर्ड प्रूफ होगी. पहले इस स्कीम को एन अन्नादुरई की जयंती पर 15 सितंबर को शुरू किया जाना था, लेकिन सीएम विजय के लंदन टूर के चलते इसे आगे बढ़ाना पड़ा. इस योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ शर्तों को तय किया गया है. इस योजना का लाभ उठाने के लिए लाभार्थियों का तमिलनाडु के स्थायी निवासी होना अनिवार्य है. यानी केवल राज्य के स्थायी निवासियों के बच्चों को ही गोल्ड रिंग स्कीम का गिफ्ट दिया जाएगा. विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणापत्र में वादा किया था कि अगर उनकी सरकार बनी तो वह नवजात बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी देंगे. अब जब वह राज्य के सीएम बन चुके हैं, तो इलेक्शन के दौरान किया गया अपना वादा पूरा करने का काम कर रहे हैं. टीवीके ने घोषणापत्र में इस योजना का नाम ‘थाई मामन गोल्ड रिंग स्कीम’ बताया था. यही नहीं, टीवीके ने चुनाव के दौरान यह भी वादा किया था कि बहनों की शादियों में गिफ्ट के तौर पर 8 ग्राम सोना और अच्छी क्वालिटी की सिल्क साड़ी दी जाएगी.
