पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा सरहिंद जीटी रोड पर दादा मोटर्स के पास हुआ, जब सड़क किनारे पैदल चल रहे कांवड़ियों को पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी. जानकारी के अनुसार, फरीदकोट जिले के कोटकपूरा से छह कांवड़ियों का एक समूह उत्तराखंड के गंगोत्री से पवित्र गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहा था. सभी श्रद्धालु सड़क किनारे पैदल चल रहे थे. तभी तेज रफ्तार वाहन ने आगे चल रहे चार कांवड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि महिंदर पाल, दीपक और जगदीश मित्तल की मौके पर ही मौत हो गई. तीनों फरीदकोट जिले के रहने वाले थे. वहीं मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया. वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही सरहिंद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की जांच एएसआई तिलक राज कर रहे हैं. पुलिस उस वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है. एएसआई तिलक राज ने एएनआई बताया कि यह हादसा रात करीब 1 बजे हुआ, जब गिद्दड़बाहा से फरीदकोट जा रही एक गाड़ी को पेट्रोल पंप के पास पीछे से दूसरी गाड़ी ने टक्कर मार दी. जगदीश, महिंदर पाल और दीपक कुमार समेत गाड़ी में सवार लोगों की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *