अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. युद्ध विराम और बातचीत की कोशिशों के बीच अमेरिकी सेना ने सोमवार को ईरान के दक्षिणी हिस्से और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास सेल्फ-डिफेंस स्ट्राइक करते हुए कई मिसाइल लॉन्च साइट्स और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसकी पुष्टि की है. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक कमांड के प्रवक्ता टिमोथी हॉकिन्स ने बताया कि अमेरिकी सैनिकों और युद्धपोतों की सुरक्षा के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी. उनके मुताबिक अमेरिकी बलों को ईरानी सैन्य गतिविधियों से खतरा महसूस हो रहा था, जिसके बाद दक्षिणी ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए गए. अमेरिकी सेना ने उन ईरानी नौकाओं को भी निशाना बनाया, जो कथित तौर पर होर्मुज स्ट्रेट में बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश कर रही थीं. होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री रास्तों में माना जाता है. वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है. ऐसे में यहां बढ़ता सैन्य तनाव पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और तेल बाजार के लिए चिंता का कारण बन गया है. अमेरिका ने साफ कहा है कि यह हमला किसी बड़े सैन्य अभियान का हिस्सा नहीं, बल्कि आत्मरक्षा के तहत की गई कार्रवाई थी. हालांकि, इस हमले ने दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध विराम और शांति वार्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पिछले कुछ दिनों से दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिशें चल रही थीं, लेकिन ताजा हमले ने हालात को फिर विस्फोटक बना दिया है. दरअसल, इससे पहले भी युद्ध विराम के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच कई बार सैन्य झड़पें हो चुकी हैं. मई की शुरुआत में भी अमेरिकी सेना ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमला किया था. उस समय अमेरिका ने आरोप लगाया था कि ईरान की ओर से अमेरिकी युद्धपोतों पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी नौकाओं के जरिए उकसावे वाली कार्रवाई की गई थी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही अमेरिकी सेना को यह अधिकार दे चुके हैं कि होर्मुज के आसपास किसी भी ईरानी उकसावे का जवाब तुरंत और सख्ती से दिया जाए. इस ताजा सैन्य कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका है. विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यदि दोनों देशों के बीच टकराव इसी तरह जारी रहा, तो इसका असर सिर्फ क्षेत्रीय सुरक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी गहरा असर पड़ सकता है.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *