केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। प्रशासन को आशंका है कि कई लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं। घटना के बाद पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। हादसा उस स्थान पर हुआ, जहां मलप्पुरम-वायनाड टनल परियोजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। सुरंग की खुदाई से निकाली गई मिट्टी को बाहर जमा किया गया था। लगातार बारिश के कारण यह मिट्टी अचानक खिसक गई, जिससे बड़े पैमाने पर मलबा बह निकला। मलबे की चपेट में आने से पेड़ उखड़ गए, बैरिकेड बह गए और कई वाहन प्रभावित हुए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है और दबे लोगों की तलाश जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए सोमवार से ही टनल निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। इसके बावजूद निर्माण स्थल पर जमा मिट्टी बारिश के कारण खिसक गई और यह बड़ा हादसा हो गया। मलप्पुरम-वायनाड टनल परियोजना का उद्देश्य मलप्पुरम और वायनाड को सुरंग मार्ग से जोड़ना है। इस परियोजना के तहत करीब 8.17 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 2,100 से 2,200 करोड़ रुपये बताई गई है। परियोजना पूरी होने के बाद दोनों जिलों के बीच आवागमन अधिक तेज और सुगम होने की उम्मीद है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *