पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति आर एन रवि ने रविवार को लोक भवन से एक निर्देश जारी कर आगामी 14 अगस्त (शुक्रवार) को राज्य के सभी सरकारी, निजी विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध कॉलेजों में ‘देश विभाजन दिवस’ मनाने का आह्वान किया है। 1947 के विभाजन की त्रासदी, जनहानि और विस्थापन के दर्द को याद करने के उद्देश्य से यह निर्देश जारी किया गया है। लोक भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि विभाजन की भारी कीमत पश्चिम बंगाल को चुकानी पड़ी थी, जिससे राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक ताने-बाने को अपूरणीय क्षति हुई। राजभवन का मानना है कि इतिहास के इस ‘काले अध्याय’ से नई पीढ़ी को अवगत कराना और समाज में फूट डालने वाली अलगाववादी ताकतों के प्रति सतर्क रहना आवश्यक है। दूसरी ओर, स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में राज्य की नई बीजेपी सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की घोषणा की है। इसी क्रम में सोमवार, 10 अगस्त को कोलकाता में एक ऐतिहासिक तिरंगा पदयात्रा आयोजित की जाएगी, जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री शुभेंद्र अधिकारी करेंगे।विकास भवन की देखरेख और कोलकाता विश्वविद्यालय के समन्वय में होने वाली इस पदयात्रा में करीब 10,000 छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। सोमवार सुबह 10 बजे से आकाशवाणी भवन परिसर में जमावड़ा शुरू होगा, जिसके बाद दोपहर 1 बजे आकाशवाणी भवन से विक्टोरिया मेमोरियल तक पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री खुद मौजूद रहेंगे।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *