पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होंगे. 9 अक्टूबर को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम आ जाएगा. चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने सोमवार को यह जानकारी दी. आयोग ने जो चुनाव कार्यक्रम जारी किये हैं, उसमें कहा गया है कि 28 फरवरी 2026 को जारी मतदाता सूची के आधार पर ही वोटिंग करायी जायेगी. इलेक्शन कमीशन की ओर से बताया गया है कि चुनाव की अधिसूचना 9 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी. 16 सितंबर तक उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी. नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 19 सितंबर रखी गई है. 6 अक्टूबर 2026 को दोनों सीटों पर वोटिंग होगी. 9 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी. 11 अक्टूबर (रविवार) को उपचुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बंगाल चुनाव 2026 में पूर्व मेदिनीनगर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट से जीते थे. वह कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भी निर्वाचित हुए थे. बाद में मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम विधानसभा सीट छोड़ दी थी. इसलिए यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं. इसी तरह मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर सीट से आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के नेता हुमायूं कबीर चुनाव जीते थे. उन्होंने नोदा विधानसभा सीट से भी चुनाव जीता था. बाद में उन्होंने नोदा विधानसभा के जनप्रतिनिधि के रूप में शपथ ली.
