डाक विभाग के पश्चिम बंगाल सर्कल ने विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह को शैक्षणिक और रचनात्मक रुचि के रूप में बढ़ावा देने के लिए दीनदयाल स्पर्श योजना 2026-27 के तहत छात्रवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना के तहत बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के कक्षा छह से नौ तक के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। मंगलवार को एक बयान में बताया गया कि योजना के तहत कुल 40 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा से 10 विद्यार्थियों को सालाना छह हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। छात्रवृत्ति की राशि सीधे चयनित विद्यार्थियों के डाकघर बचत बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में प्रत्येक तिमाही में भेजी जाएगी। योजना के लिए कक्षा छह से नौ में नियमित रूप से पढ़ने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। पिछली वार्षिक परीक्षा में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के कम से कम 60 प्रतिशत अंक और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के कम से कम 55 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। आवेदक का स्कूल फिलाटेली क्लब का सदस्य होना चाहिए या उसके पास सक्रिय फिलाटेली जमा खाता होना आवश्यक है। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि पैदा करने के साथ इसके माध्यम से इतिहास, संस्कृति, कला और सामान्य ज्ञान से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में 30 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे क्षेत्रीय डाकघरों में लिखित डाक टिकट संग्रह प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएगी। इसमें सफल विद्यार्थियों को दूसरे चरण में भेजा जाएगा। दूसरे चरण में चयनित विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह से संबंधित चार से पांच पृष्ठ की मौलिक परियोजना जमा करनी होगी। इसके आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। आवेदन पत्र संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से सत्यापित कराकर 21 सितंबर 2026 तक संबंधित क्षेत्र के डाक महानिरीक्षक कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक या व्यक्तिगत रूप से जमा किया जा सकता है। इसके लिए कोलकाता क्षेत्र, दक्षिण बंगाल क्षेत्र, उत्तर बंगाल क्षेत्र, सिक्किम अथवा अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह मंडल से संबंधित कार्यालय में आवेदन देना होगा।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *