आईपीएल 2026 में आखिरकार पंजाब किंग्स का विजय रथ थम गया है। अपने 8वें मैच में पंजाब को पहली हार मिली। राजस्थान रॉयल्स ने सीजन के 40वें मुकाबले में पंजाब को 6 विकेट से हराया। अपने घरेलू मैदान महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर टॉस हारने के बाद पहले खेलते हुए पंजाब ने 4 विकेट पर 222 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स ने 4 गेंद रहते 4 विकेट खोकर मैच जीत लिया। पंजाब का यह न्यू चंडीगढ़ में आखिरी मुकाबला था। टीम अपने बाकी बचे तीन घरेलू मैच धर्मशाला में खेलेगी। पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर महज 17 गेंदों में 37 रन जोड़े। प्रियांश 11 गेंदों में 29 रन बनाने के बाद जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। वहीं, कूपर कोनोली 14 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए। प्रभसिमरन सिंह का शानदार प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा और उन्होंने 44 गेंदों में 59 रनों की दमदार पारी खेली। प्रभसिमरन ने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान श्रेयस अय्यर खुलकर नहीं खेल पाए और उन्होंने 27 गेंदों में 30 रनों का योगदान दिया। अंत के ओवरों में मार्कस स्टोइनिस ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। स्टोइनिस ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 62 रनों की आतिशी पारी खेली। उन्होंने आखिरी ओवर में दो छक्के और तीन चौकों की मदद से 24 रन बटोरे। स्टोइनिस ने 281 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 चौके और 6 छक्के लगाए। राजस्थान के लिए यश राज पुंजा ने दो विकेट झटके। 223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत शानदार रही। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 3.2 ओवर में 51 रन जोड़े। वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों पर 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। ध्रुव जुरेल बल्ले से 16 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी जायसवाल ने इस सीजन का अपना चौथा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 27 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। कप्तान रियान पराग अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 16 गेंदों में 29 रन बनाने के बाद युजवेंद्र चहल का शिकार बने। इसके बाद शुभम दुबे और डोनोवन फेरेरा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 31 गेंदों में 71 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। फेरेरा ने 26 गेंदों का सामना करते हुए 52 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने छक्के से मैच फिनिश किया। वहीं, शुभम ने 12 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। पंजाब के लिए युजवेंद्र चहल ने 3 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप ने एक विकेट निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *