पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी से राहत के बीच अब मौसम का मिजाज डराने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में 4 मई तक गरज-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. उत्तर बंगाल के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. अलीपुरदुआर और जलपाईगुड़ी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कलिम्पोंग में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है. कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के जिलों में भी मौसम का तांडव देखने को मिल सकता है. उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, मेदिनीपुर, बांकुड़ा, पुरुलिया, हुगली और नदिया जिले में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. महानगर कोलकाता में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है. बारिश के कारण शहर के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गयी है. पिछले 24 घंटों के आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है. हावड़ा जिले के आमता में सबसे अधिक 97 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवाह लगातार बढ़ रहा है. हवा के अनुकूल रुख के कारण बादलों का जमावड़ा हो रहा है, जिससे बिजली कड़कने और अचानक तेज बारिश होने की घटनाएं बढ़ रही हैं. विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. विशेषकर खेतों में काम करने वाले किसानों को वज्रपात (Lightning) से बचने की सलाह दी गयी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *