महाराष्ट्र के पुणे में 1 मई को 4 साल की बच्ची से रेप के बाद पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने रेप-हत्या के आरोप में 65 साल के बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। घटना के विरोध में सैकड़ों लोगों ने शनिवार को पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर प्रदर्शन किया। इससे हाईवे जाम हो गया। प्रदर्शन के चलते हाईवे करीब चार घंटे तक ठप रहा और लंबा जाम लग गया। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराएगी और अपराधी के लिए फांसी की मांग करेगी। महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और एनसीपी (एसपी) नेता अनिल देशमुख ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई की मांग की थी। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची पुणे के भोर तहसील में नानी के घर गर्मी की छुट्टियां बिताने आई थी। आरोपी भीमराव कांबले 1 मई की दोपहर करीब दो बजे बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर के पास बने तबेले में ले गया। वहां बच्ची से रेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी। काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ लोगों ने तबेले में भी बच्ची को तलाशा तो उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की तलाश की तो एक फुटेज में आरोपी बच्ची को तबेले की ओर ले जाता हुआ नजर आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। एनसीपी (एसपी) नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने आरोपी को कठोर से कठोर सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक और मानवता को कलंकित करने वाली है। शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना NC ने कहा कि इस दरिंदगी समाज के लिए बड़ा सवाल खड़ा करती है। इस घटना को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है। यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि एक मासूम के खिलाफ सबसे क्रूर अत्याचार है। घटना के बाद गांव के लोगों ने शुक्रवार रात विरोध प्रदर्शन किया और मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि इस मामले में 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *