घी के रंग का तसर सिल्क का कुर्ता और उसी रंग की तसर सिल्क का बंगाली अंदाज में धोती जिसका एक सिरा कुर्ते की जेब में फंसाया हुआ था। गले में उत्तरीय। देखकर लग रहा है मानो कोई बंगाली बाबू जा रहा हो। विधानसभा चुनाव 2026 में बंगाल में अप्रत्याशित परिणाम के बाद सोमवार की शाम को नई दिल्ली के भाजपा सदर मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी कुछ इसी अंदाज में पहुंचे। अपनी धोती संभालकर चलते हुए उन्हें थोड़ी असुविधा हो रही थी लेकिन बंगाल के चुनाव में जो सहज जीत मिली है वही सहजता उनके चेहरे की मुस्कान में साफ झलक रही थी। जब मोदी जी बंगाली वेशभूषा में मंच पर थे उसी समय गेरुआ गुलाल में रंगे हुए दर्शकदीर्घा की पहली पंक्ति में शमिक भट्टाचार्य जी सहित बंगाल भाजपा के अन्य नेता बैठे थे। उनके सामने ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की जमकर सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने बंगाल में नयी भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख की घोषणा भी कर दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय की साधना जब सफल होती है, तब जो खुशी मिलती है। वह आज देश के सभी भाजपा समर्थकों के चेहरों पर दिख रही है। मैं भी उनकी खुशी में शामिल हूं। आज का दिन देश के उज्ज्वल भविष्य की घोषणा का दिन है, विश्वास का दिन है। मैं बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता को प्रणाम करता हूं। भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं को दिल से बधाई देता हूं। आप सभी ने नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद ही उन्होंने कहा था कि गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिलेगा। आज वही सच हो गया है। बिहार और ओडिशा के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी भाजपा सत्ता में आ गई है। अपने भाषण में उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को आज शांति मिली है। 1951 में जनसंघ की स्थापना करके उन्होंने देश के युवाओं को देशभक्ति का संदेश दिया था। उन्होंने जिस सशक्त और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था, वह कई दशकों से पूरा होने की प्रतीक्षा में था। आज बंगाल की जनता ने हमारे कार्यकर्ताओं को वह अवसर दिया है। आज बंगाल के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है।” उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों ने ऋषि बंकिमचंद्र और योगीराज अरविंद घोष को श्रद्धांजलि दी है। नरेंद्र मोदी जी ने यह भी कहा कि बंगाल और केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं, खासकर महिलाओं को काफी अत्याचार सहने पड़े हैं। उन्होंने इस चुनावी सफलता को सभी शहीद कार्यकर्ताओं के परिवारों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की पवित्र धरती पर आज एक नए सूर्योदय का उदय हुआ है। बंगाल के लोगों ने तुष्टिकरण और डर की राजनीति को खारिज कर दिया है। आज से बंगाल भारत के विकास के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेगा। उन्होंने सभी बंगालवासियों को आश्वासन दिया कि बंगाल के भविष्य के लिए सभी भाजपा कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करेंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पहली ही मंत्रिमंडल बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी। प्रधानमंत्री जी ने रवींद्रनाथ टैगोर को भी याद किया। उन्होंने घोषणा की कि 25 बैसाख यानी 9 मई को बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण होगा। उन्होंने कहा कि जिस भयमुक्त मन और वातावरण की कल्पना रवींद्रनाथ टैगोर ने की थी, भाजपा के शासन में बंगाल में वैसा ही माहौल बनाया जाएगा। उन्होंने बंगाल में पिछले चुनावों के दौरान हुई हिंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में गोलियों की आवाज नहीं जनता-जनार्दन की आवाज सुनाई दी। उन्होंने आगे कहा कि बदला नहीं, बदलाव की बात करनी है। किसने वोट दिया, किसने नहीं, इसे भूलकर बंगाल के लिए काम करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *