पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ है जहां भवानीपुर सीट पर बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी जी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जी को 15 हज़ार से अधिक वोटों से हरा दिया है. चुनावी जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी जी ने कहा कि ये सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं की जीत है. उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी को हराना बहुत ज़रूरी था. (उनका) राजनीतिक संन्यास अब हो गया है. 2021 में नंदीग्राम में हारीं और इस बार भी हार गईं. 15 हज़ार से अधिक वोटों से उनको खुलकर मुसलमानों ने वोट दिया और मुझे हिंदू, सिख, ईसाई, जैन और बौद्ध लोगों ने आशीर्वाद देकर जिताया. ये हिंदुत्व की जीत है ये बंगाल की जीत है, ये नरेंद्र मोदी की जीत है.” साल 2021 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर भी शुभेंदु अधिकारी जी ने ममता बनर्जी जी को हराया था. इस बार शुभेंदु अधिकारी जी ने नंदीग्राम सीट पर भी जीत दर्ज की है. भवानीपुर सीट पर रिज़ल्ट आने से कुछ देर पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जी ने बीजेपी पर ‘वोट लूट’ का आरोप लगाया था. उन्होंने पत्रकारों से कहा था, “बीजेपी ने 100 से ज्यादा सीटों की लूट की है. बीजेपी ने धोखाधड़ी की है. चुनाव आयोग अब बीजेपी आयोग बन गया है. हमने समय-समय पर इसकी शिकायत की है. लेकिन कोई सुनने वाला नहीं था.” ममता बनर्जी जी ने कहा, “बीजेपी की जीत अनैतिक है. इलेक्शन कमीशन ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ मिलकर जो किया है वो पूरी तरह अनैतिक है. उन्होंने जोर-जबरदस्ती से एसआईआर किया. अत्याचार किया. काउंटिंग एजेंटों को गिरफ़्तार किया है. हम वापसी करेंगे.” चुनाव आयोग के रात साढ़े नौ बजे के आंकड़ों के मुताबिक़, बीजेपी ने 184 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और 23 सीटों पर आगे चल रही है. कुल मिलाकर बीजेपी 207 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. दूसरी ओर टीएमसी ने 64 सीटों पर जीत दर्ज की है और 16 सीटों पर आगे है. 294 सीटों की विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की ज़रूरत है, यानी भारतीय जनता पार्टी का आंकड़ा पूर्ण बहुमत के पार जा चुका है. राज्य में साल 2011 से लगातार टीएमसी की सरकार थी और ममता बनर्जी जी इन बीते 15 सालों से राज्य की मुख्यमंत्री थीं. बीजेपी राज्य में पहली बार सरकार बनाएगी. पिछली बार टीएमसी को 215 और बीजेपी को 77 सीटों पर जीत मिली थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *