ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बलियांटा पुलिस थाना क्षेत्र के भिंगारापुर इलाके में दो महिलाओं के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों के एक समूह ने एक जीआरपी कांस्टेबल को दिन-दहाड़े जमकर पीटा. इसके बाद लोगों की पीटाई से घायल कांस्टेबल की मौत हो गई. वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना तब शुरू हुई जब मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों की टक्कर, दो महिलाओं को ले जा रहे एक दोपहिया वाहन से हो गई. टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस छिड़ गई. बाद में महिलाओं ने आरोप लगाया कि युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की. शोर-शराबा और महिलाओं की मदद के लिए चीखें सुनकर इलाके के निवासी घटनास्थल पर दौड़ पड़े. भीड़ ने दोनों युवकों को काबू में कर लिया, उनके हाथ-पैर बांस की लाठियों से बांध दिए और उनकी बेरहमी पिटाई की. लोगों की बेरहम मार से घायल दोनों युवकों को गंभीर हालत में तुरंत कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से एक सौम्य रंजन स्वाइन ने चोटों के कारण दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि सौम्य रंजन स्वाइन सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) में कार्यरत थे और दूसरा युवक ओम प्रकाश राउत अभी भी गंभीर हालत में है और उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने इस घटना को लेकर घायल युवक ओम प्रकाश राउत का बयान दर्ज कर लिया है. मृतक के एक रिश्तेदार ने सवाल उठाया कि कथित दुर्व्यवहार को लेकर कोई समूह दिन-दहाड़े किसी की हत्या कैसे कर सकता है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस घटना के पीछे कोई अन्य कारण हो सकते हैं, जिसकी गहन जांच की आवश्यकता है. दोनों महिलाओं ने पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, युवकों ने कथित तौर पर अपनी मोटरसाइकिल से उन्हें कुचलने की कोशिश की और उनके साथ बदतमीजी की. घटना के दौरान महिलाओं ने इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 पर भी कॉल किया था और स्थानीय लोगों को भी सतर्क किया था. पुलिस दोनों पक्षों के बयान और घटना की जानकारी के मुताबिक आगे की जांच कर रही है.
