पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी ने शपथ के बाद सबसे पहले कोलकाता के जोरासांको ठाकुरबाड़ी जाकर रविंद्रनाथ टैगोर को पुष्पांजलि दी। उन्होंने राज्य के विकास का संकल्प लेते हुए कहा कि वह अब सभी लोगों के मुख्यमंत्री हैं। पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव के बाद बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यह शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को रवींद्र जयंती के दिन हुआ। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। अधिकारी शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नोबेल पुरस्कार विजेता रवीन्द्रनाथ टैगोर के पैतृक आवास जोरासांको ठाकुरबाड़ी पहुंचे और उन्होंने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभालने से पहले महान कवि को पुष्पांजलि अर्पित की और गीत भी गाया। ‘मैं अब सभी लोगों का मुख्यमंत्री हूं’. मुख्यमंत्री ने इससे पहले कहा था कि यह दिन पश्चिम बंगाल और पूरे देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘कविगुरु को श्रद्धांजलि देने के बाद मेरा आधिकारिक कामकाज शुरू होगा। हमारी सरकार राज्य को फिर से मजबूत बनाने के लिए काम करेगी। हम पहले जोरासांको ठाकुरबाड़ी जाकर नमन करेंगे, उसके बाद ही औपचारिक रूप से काम शुरू करेंगे। भारतीय जनता पार्टी को किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है और मैं अब सभी लोगों का मुख्यमंत्री हूं।’ अधिकारी ने कहा कि उनका उद्देश्य पश्चिम बंगाल को फिर से विकास की राह पर लाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *