चुनाव आयोग ने जून-जुलाई में खाली होने वाली 24 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा कर दी है. इसके अलावा  महाराष्ट्र और तमिलनाडु में राज्यसभा की दो सीटों पर उपचुनाव की तारीख का भी ऐलान किया है. 10 राज्यों में राज्यसभा के 24 सदस्यों का कार्यकाल जून-जुलाई में खत्म होने वाला है. इन सभी 24 सीटों के लिए आयोग ने चुनाव की तारीखें घोषित की हैं. राज्यसभा की सीटों के लिए चुनाव उन 10 राज्यों में होंगे, जहां मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है. चुनाव आयोग के अनुसार, 18 जून को द्विवार्षिक चुनावों के लिए मतदान होगा और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे. चुनाव आयोग 1 जून को नोटिफिकेशन जारी करेगा. 8 जून नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख रखी गई है. राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीट, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीट, झारखंड की दो सीट और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश एवं मिजोरम की एक-एक सीट पर होंगे. नॉमिनेशन दाखिल करने की आखिरी तारीख आठ जून है. EC ने राज्यसभा की दो सीटों पर उपचुनाव की भी घोषणा की है. दोनों सीटें नेताओं के पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई हैं. महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा. उनका कार्यकाल 4 जुलाई 2028 तक था, लेकिन विधायक बनने के बाद उन्होंने 6 मई को पद से इस्तीफा दिया था. वहीं, AIADMK नेता सीवी शनमुगम ने 7 मई को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में मैलाम क्षेत्र से विधायक बनने के बाद राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया. उनका यह कार्यकाल 29 जून 2028 को समाप्त होना था. आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, 18 जून को वोटिंग होगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे. आयोग ने निर्देश दिया है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करके चुनाव प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *