आधार कार्ड आज के समय में देश के हर नागरिक के लिए सबसे जरूरी सरकारी दस्तावेज बन चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने देशवासियों को एक बहुत बड़ी राहत दी है। सरकार ने आधार कार्ड में मुफ्त दस्तावेज अपडेट करने की अंतिम तारीख को एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया है।  पहले यह सुविधा 15 जून 2026 को समाप्त होने वाली थी, लेकिन अब आम लोग बिना कोई शुल्क दिए अपने आधार को आसानी से अपडेट कर सकते हैं। सरकार का मकसद यह है कि जिन लोगों के आधार पुराने हो चुके हैं, वे अपनी सही पहचान और पते को दोबारा सत्यापित करा सकें। जो ऑनलाइन सेवा पहले शुल्क लेकर उपलब्ध थी, अब वह 14 जून 2027 तक पूरी तरह मुफ्त रहेगी, लेकिन यह सुविधा केवल myAadhaar पोर्टल पर ही मिलेगी। UIDAI के बयान के अनुसार, इस सुविधा को एक और साल के लिए बढ़ाने का फैसला लिया गया है। यानी 15 जून 2026 से 14 जून 2027 तक दस्तावेज़ अपडेट करने की सेवा मुफ्त रहेगी। जिन आधार उपयोगकर्ताओं को अपनी पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज़ अपडेट करने की जरूरत है, वे अब भी ऑनलाइन यह काम बिना किसी शुल्क के कर सकते हैं। हालांकि, यह मुफ्त सुविधा केवल myAadhaar पोर्टल पर ही उपलब्ध रहेगी। UIDAI लगातार लोगों को, खासकर उन लोगों को जिन्होंने कई साल पहले आधार बनवाया था और लंबे समय से अपने दस्तावेज़ अपडेट नहीं किए हैं, अपने सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इससे आधार डेटाबेस की जानकारी सही और अपडेट बनी रहती है। UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी है कि mAadhaar ऐप को जल्द बंद किया जाएगा। अब आधार धारक नया Aadhaar ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। नए ऐप में सुरक्षित QR आधारित आधार शेयरिंग, बेहतर प्राइवेसी कंट्रोल और आधार सेवाओं तक आसान पहुंच जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिससे डिजिटल पहचान का इस्तेमाल और सुविधाजनक हो जाएगा। आधार अपडेट करने के लिए सबसे पहले myAadhaar पोर्टल पर जाएं और अपने आधार नंबर तथा रजिस्टर्ड मोबाइल पर आए OTP की मदद से लॉगिन करें। इसके बाद अपनी प्रोफाइल में दिखाई दे रही पहचान और पते की जानकारी जांच लें। अगर जानकारी गलत है तो उसे सही करने की प्रक्रिया अपनाएं। यदि सभी जानकारी सही है, तो ‘I verify that the above details are correct’ वाले विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद ड्रॉपडाउन मेन्यू से पहचान से जुड़ा दस्तावेज़ चुनें और उसे अपलोड करें। दस्तावेज़ का आकार 2 MB से कम होना चाहिए और फाइल JPEG, PNG या PDF फॉर्मेट में होनी चाहिए। इसके बाद पते से जुड़ा दस्तावेज़ चुनकर उसे भी अपलोड करें और अपनी सहमति देकर प्रक्रिया पूरी करें। हालांकि, फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन और फोटो जैसे बायोमेट्रिक विवरण ऑनलाइन अपडेट नहीं किए जा सकते। इसके अलावा नाम, लिंग, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि (DOB) में बदलाव या सुधार करवाने के लिए आधार एनरोलमेंट सेंटर पर जाना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *