अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने आज शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की है। पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।’ पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मार्को रूबियो के साथ फोटो शेयर की हैं। पीएम मोदी ने फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘US सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रूबियो का स्वागत करके मुझे खुशी हुई।’ पीएम मोदी ने मार्को रूबियो से हुई मुलाकात के बारे में बताते हुए एक्स पर लिखा, ‘हमने भारत-US व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति और क्षेत्रीय तथा वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।’ प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा, ‘भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।’ PM मोदी और विदेश मंत्री रूबियो के बीच हुई इस बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी उप विदेश मंत्री एलिसन हुकर मौजूद थे। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस बैठक को सार्थक बताते हुए एक्स पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक में मार्को रूबियो के साथ शामिल होना बहुत अच्छा लगा। हमने सुरक्षा, व्यापार और अहम टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में अमेरिका-भारत सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर सार्थक चर्चा की।’ अमेरिकी राजदूत ने भारत को अहम साझीदार बताते हुए आगे लिखा, ‘ये ऐसे क्षेत्र हैं जो हमारे दोनों देशों को मजबूत बनाते हैं और एक स्वतंत्र व खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देते हैं। भारत, अमेरिका का एक अहम साझीदार है।’ अमेरिकी राजदूत के अनुसार, आगामी मुलाकातों का मुख्य उद्देश्य प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना होगा। इनमें रक्षा साझेदारी, उन्नत टेक्नोलॉजी, व्यापारिक संबंध और Quadrilateral Security Dialogue (QUAD) के तहत आपसी सहयोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *