सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम ने तकनीकी आउटेज यानी सर्वर डाउन का सामना किया. शुक्रवार शाम अचानक मेटा के मुख्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म डाउन हो गए. यूजर्स को स्क्रॉलिंग और पोस्ट करने में परेशानी का सामना करना पड़ा. भारत समेत दुनियाभर के लाखों यूजर्स ने इस तकनीकी समस्या का सामना किया. दोपहर बाद से ही यूजर्स को इन ऐप्स को एक्सेस करने और इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना करना पड़ा. एक्स पर कई फेसबुक और इंस्टाग्राम यूजर्स अपनी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि वे अपने आप अकाउंट से लॉग आउट हो रहे हैं. वहीं दोबारा लॉगइन होने में भी दिक्कत हो रही है. इसके अलावा इंस्टाग्राम पर फीड रिफ्रेश नहीं हो पा रही है. यूजर्स को नया कंटेंट, रील्स या स्टोरीज लोड करने में समस्या आ रही है. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर यूजर्स को मैसेज करने में भी दिक्कत हो रही है. ये दोनों प्लेटफॉर्म मेटा के ही हैं. फिलहाल कंपनी की तरफ से इस तकनीकी खराबी को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है.
