विदेशी सहायता नियमन कानून (एफसीआरए) की पूरी प्रणाली अब डिजिटल होगी। इसके लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एफसीआरए 2.0 पोर्टल लॉन्च किया। इस पोर्टल के माध्यम से एफसीआरए के तहत आवेदन करने से लेकर सारे दस्तावेज जमा किए जा सकेंगे। भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को दी जाने वाला ओसीआइ कार्ड भी अब डिजिटल होगा। शाह ने ई-ओसीआइ कार्ड योजना का भी शुभारंभ किया। एफसीआरए 2.0 पोर्टल और ई-ओसीआइ कार्ड लॉन्च करते हुए अमित शाह ने कहा कि इन दोनों की शुरुआत लोगों की सहूलियत बढ़ाने में बहुत लाभकारी सिद्ध होगी। इनसे नागरिकों की सुविधाएं बढ़ेंगी और विशेष रूप से एफसीआरए पोर्टल से दान प्राप्त करने वालों की दिक्कतों का निवारण होगा। शाह ने कहा कि जब नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और तकनीक को स्वीकारने की मानसिकता हो, तो सभी प्रकार का शासन ईमानदार लोगों के लिए बहुत सरल हो जाता है, गलत करने वालों पर पैनी निगरानी की व्यवस्था होती है और देश को अधिक से अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है। एफसीआरए 2.0 पोर्टल का उद्देश्य विदेशी सहायता से जुड़े नियमों का अनुपालन सरल बनाने तथा निगरानी व प्रवर्तन की व्यवस्था को मजबूत करना है। इसके माध्यम से आवेदन, नवीनीकरण, वार्षिक विवरणी और अन्य सेवाओं से जुड़ी सभी प्रमुख प्रक्रियाएं अब पूरी तरह डिजिटल कर दी गई हैं। वर्तमान में देशभर में लगभग 14,500 सक्रिय एफसीआरए संगठन कार्यरत हैं और प्रतिवर्ष लगभग 15,000 से 20,000 आवेदन व करीब 17,000 वार्षिक विवरणियां प्राप्त होती हैं। इतनी बड़ी संख्या के कारण एक आधुनिक, तकनीक-सक्षम और सुरक्षित व्यवस्था की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड (मेघराज) पर होस्ट किए गए इस पोर्टल में नए एफसीआरए संशोधन नियम, 2026 के प्रमुख प्रविधानों को भी समाहित किया गया है और यह पैन, आधार, ओसीआइ, एनजीओ दर्पण तथा आइसीएआइ की यूडीआइएन प्रणाली समेत प्रमुख सरकारी डाटाबेस व बैंक से एकीकृत है। इसी तरह से ई-ओसीआइ के तहत आवेदक अब पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन पूरी कर सकते हैं। इसमें आवेदन करना, सहायक दस्तावेज अपलोड करना और स्वीकृति के बाद डिजिटल रूप से तैयार कार्ड डाउनलोड करना शामिल है। मौजूदा कार्डधारक अधिकांश मामलों में नए आवेदन या भौतिक सत्यापन के बिना ही अपना ई-ओसीआइ कार्ड डिजिटल रूप से प्राप्त कर सकते हैं। नई प्रणाली में 20 वर्ष की आयु के बाद नया पासपोर्ट बनने पर ओसीआइ बुकलेट को फिर जारी कराने की आवश्यकता समाप्त कर दी गई है। वैसे कार्डधारकों को नया पासपोर्ट जारी होने पर अपने पासपोर्ट संबंधी विवरण आनलाइन अपडेट करना आवश्यक होगा। इससे 50 लाख ओसीआइ कार्डधारकों को सुविधा होगी।
