2023 में हुगली के रिसड़ा में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा के मामले में एनआइए ने मंगलवार को तृणमूल के पार्षद शाकिर अली को गिरफ्तार कर लिया। शाकिर रिसड़ा नगरपालिका के वार्ड संख्या-4 के पार्षद हैं और पूर्व तृणमूल सांसद अपरूपा पोद्दार के पति हैं। एनआईए की टीम केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों के साथ मंगलवार सुबह रिसड़ा स्थित उनके आवास पर पहुंची। तलाशी और पूछताछ के बाद शाकिर अली को हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। एनआइए के अनुसार, शाकिर अली पर 2023 की रामनवमी हिंसा के दौरान लोगों को उकसाने और सुनियोजित हिंसा में भूमिका निभाने का आरोप है। एजेंसी का दावा है कि लंबे समय से चल रही जांच, पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपितों के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान उनके बयानों में कई विरोधाभास मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया एनआइए जब शाकिर अली को घर से बाहर लेकर आई तो अपरूपा पोद्दार के बेटे ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कुछ कहना चाहा, लेकिन उन्होंने तुरंत उसका मुंह ढक दिया और उसे घर के भीतर ले गईं। बाहर जाते समय उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि उन्हें भगवान और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *