बुधवार सुबह करीब पांच बजे शेख शाहनवाज (30) ऐप-आधारित बाइक सेवा के तहत एक महिला यात्री को लेकर कालिकापुर क्रासिंग से रूबी की ओर जा रहे थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी. इसी दौरान चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया. इससे पहले कि वह बाइक को संभाल पाता, वाहन सीधे मेट्रो रेल के एक खंभे से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के झटके से चालक और महिला यात्री दोनों कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची. गंभीर रूप से घायल दोनों को तत्काल एमआर बांगुर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने शेख शाहनवाज को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल महिला यात्री का इलाज जारी है. डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नज़र रखे हुए हैं. हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि हादसा केवल तेज रफ्तार के कारण हुआ या चालक को किसी अन्य वजह से संतुलन खोना पड़ा. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. इएम बाइपास पर तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं नई बात नहीं हैं. खासकर तड़के सड़कों पर यातायात कम होने से कई चालक गति सीमा पार कर देते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइपास पर लगातार हो रहे हादसे प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं. पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही घायल महिला के बयान के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जाएगा. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *