छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम पिग आयरन बनाने वाली एक इकाई में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज शाम जब उरला पुलिस थाना इलाके के अंतर्गत बेंद्री रोड पर स्थित थ्री डी इनोवेशन फैक्टरी में मजदूर काम कर रहे थे तब एक ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया। इससे तीन मजदूरों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि फैक्टरी में फेरो-अलॉय और पिग आयरन(कच्चा लोहा) बनाया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले अरुण पांडे और पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले के रहने वाले कोमल सिंह और लाल सिंह के तौर पर हुई है। अधिकारियों ने बताया कि धमाके की सूचना मिलने के बाद उरला पुलिस थाना के पुलिसकर्मी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *