कोलकाता पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध लागू करने की अधिसूचना जारी की है। यह प्रतिबंध ऑरेंज लाइन मेट्रो परियोजना के तहत बिस्वा बांग्ला सरणी स्थित सुकांत नगर के पास पीपी-326 से पीपी-327 के बीच सेगमेंट लॉन्चिंग कार्य के कारण लगाया जा रहा है। यह कार्य रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) द्वारा किया जाएगा। कोलकाता पुलिस की अधिसूचना के अनुसार,10 जुलाई 2026 की रात 8:00 बजे से 13 जुलाई 2026 की सुबह 8:00 बजे तक चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित किया जाएगा। प्रतिबंध अवधि के दौरान चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर का उपयोग करने वाले उत्तर दिशा की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को बेलियाघाटा मेन रोड और ईएम बाइपास क्रॉसिंग से ब्रॉडवे की ओर मोड़ दिया जाएगा। कोलकाता पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि यह व्यवस्था आम लोगों की सुरक्षा और मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए की गई है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पहले अपने मार्ग की योजना बनाएं और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। यह अधिसूचना कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय नंद (आईपीएस) द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, कलकत्ता पुलिस अधिनियम और पश्चिम बंगाल ट्रैफिक रेगुलेशन अधिनियम के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *