पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी में एक गृहिणी के लापता होने के अगले ही दिन उसका फंदे से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रंजीता राय के रूप में हुई है, जो धूपगुड़ी के साकोयाझोरा गांव की रहने वाली थीं। सात महीने के मासूम बच्चे को छोड़कर हुई उनकी रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार दोपहर रंजीता राय अपने पति और सात वर्षीय बच्चे के साथ एक निजी बैंक में पैसे निकालने गई थीं। बैंक से पति बच्चे को लेकर घर लौट आया, लेकिन रंजीता घर नहीं पहुंचीं। शाम तक उनके वापस नहीं आने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उनके पति ने धूपगुड़ी थाने में पहुंचकर गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। बुधवार सुबह धूपगुड़ी थाना क्षेत्र के ठाकुरपाट स्थित एक क्लब के अंदर स्थानीय किसानों ने एक महिला का शव फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही धूपगुड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान रंजीता राय के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक जाने के बाद रंजीता राय के साथ आखिर क्या हुआ। यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। लगातार बारिश के बावजूद ठाकुरपाट स्थित क्लब के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे रहे। घटना को लेकर पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *