बहरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ पठान गुरुवार को नवान्न पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की। इस मुलाकात ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। राजनीतिक गलियारों में उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में तृणमूल सांसदों के विद्रोही गुट बनने के 24 घंटे के भीतर यूसुफ पठान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। इसके बाद से ही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस से उनकी दूरी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। राजनीतिक सूत्रों में यह भी चर्चा है कि भाजपा भविष्य में यूसुफ पठान को गुजरात या किसी अन्य भाजपा शासित राज्य से राज्यसभा भेज सकती है। इसके अलावा उन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में भी कोई अहम जिम्मेदारी दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। क्रिकेट जगत के सूत्रों का कहना है कि ICC अध्यक्ष जय शाह के साथ यूसुफ पठान और उनके भाई इरफान पठान के पारिवारिक संबंध काफी अच्छे हैं। इसी वजह से उनके संभावित राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। यूसुफ पठान या भाजपा की ओर से उनके पार्टी में शामिल होने या किसी नई जिम्मेदारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में फिलहाल यह पूरा मामला राजनीतिक अटकलों के दायरे में ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *