भारत और न्यूजीलैंड के बीच के रिश्ते अब एक ऐतिहासिक टर्निंग पॉइंट पर पहुंच गए हैं. पिछले 40 साल में न्यूजीलैंड की धरती पर कदम रखने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनकर पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑकलैंड में एक नया इतिहास रच दिया है. न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सम के साथ ऑकलैंड में आयोजित ‘इंडिया-न्यूजीलैंड बिजनेस इवेंट’ में हिस्सा लेते हुए पीएम मोदी ने दोनों देशों के व्यापारिक और रणनीतिक रिश्तों को लेकर कई बड़े ऐलान किए. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत सिर्फ एक बाजार नहीं है, बल्कि यह ग्लोबल ग्रोथ का एक मजबूत लॉन्चपैड बन चुका है. पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापारिक समझौते की तारीफ करते हुए कहा कि भारत और न्यूजीलैंड ने सिर्फ 9 महीने के रिकॉर्ड समय में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को पूरा किया है. पूरी दुनिया में संभवतः यह पहली बार है जब इतनी तेजी से किसी एफटीए को जमीन पर उतारा गया है. यह समझौता दोनों देशों के बिजनेस के लिए मार्केट एक्सेस, इन्वेस्टमेंट, सर्विसेज, टेक्नोलॉजी और टैलेंट मोबिलिटी के नए दरवाजे खोलेगा. बिजनेस इवेंट में इस बात पर खास जोर दिया गया कि दोनों देशों के बीच यह सहयोग आपसी तालमेल और भरोसे पर टिका है. इसके तहत न्यूजीलैंड ने अगले 15 सालों में भारत में 20 बिलियन डॉलर के निवेश का वादा किया है. भारत की नीतिगत और राजनीतिक स्थिरता के साथ-साथ विकास की निरंतरता को देखते हुए यह निवेश दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देगा. इसके साथ ही, पीएम मोदी ने खराब होने वाले खाद्य पदार्थों और फलों की सप्लाई चेन मैनेजमेंट को बेहतर बनाने पर भी बात की. भारत की आर्थिक ताकत का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बन चुका है. उन्होंने कहा कि वह न्यूजीलैंड में भारत के 140 करोड़ लोगों की आकांक्षाओं और सपनों का संदेश लेकर आए हैं. पीएम मोदी ने कहा, “आप सभी की उपस्थिति न्यूजीलैंड की इनोवेशन, एंटरप्राइज और फ्यूचर ओरिएंटेड सोच का प्रतीक है.” पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय सभ्यता और न्यूजीलैंड की पारंपरिक माओरी संस्कृति आपस में गहराई से जुड़ी हुई हैं, और यही वजह है कि इस ऐतिहासिक एफटीए में माओरी परंपराओं के लिए भी विशेष स्थान रखा गया है. इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सम के बीच डेलिगेशन लेवल की द्विपक्षीय वार्ता हुई. पीएम मोदी ने पीएम लक्सम की भारत के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के लिए उनका विशेष आभार व्यक्त किया. पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा, “कल रात आपका खुद एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत करने आना, अपने आप में एक बहुत बड़ा जेस्चर है. पिछले साल आप होली के समय भारत आए थे, जिसने हमारे रिश्तों में नए रंग भर दिए थे.” उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के लोगों के बीच आकर और उनका भारत के प्रति प्यार देखकर कोई भी व्यक्ति भावुक हो सकता है. पीएम मोदी ने साफ किया कि भारत और न्यूजीलैंड के संबंध अब सिर्फ डिप्लोमैटिक औपचारिकता नहीं हैं, बल्कि दोनों देश अपने रिश्तों को ‘स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ के सूत्र में बांध रहे हैं. लोकतांत्रिक मूल्यों पर दोनों देशों का अटूट भरोसा इन्हें एक ‘नेचुरल पार्टनर’ बनाता है. दो बड़े समुद्री देश होने के नाते भारत और न्यूजीलैंड का यह करीबी सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र को एक नई ताकत देगा और वैश्विक शांति, स्थिरता-सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएगा.
