नेपाल जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. नेपाल ने भारतीय करेंसी के 200 और 500 रुपये के नोटों को लेकर करीब एक दशक से चले आ रहे प्रतिबंध में बदलाव किया है. अब भारतीय और नेपाली नागरिक नेपाल में 200 और 500 रुपये के नोट लेकर जा सकते हैं और इन्हें वापस भी ले जा सकते हैं. हालांकि, इसके लिए कुछ नियम तय किए गए हैं. नेपाल राष्ट्र बैंक के नए निर्देश के मुताबिक, यात्री एक व्यक्ति के हिसाब से अधिकतम 25,000 रुपये तक की भारतीय करेंसी ले जा सकते हैं. नेपाल राष्ट्र बैंक यानी NRB की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि भारतीय और नेपाली नागरिक 9 नवंबर 2016 के बाद जारी किए गए 200 और 500 रुपये के भारतीय नोट लेकर नेपाल आ-जा सकते हैं. इसके लिए 25,000 रुपये की सीमा पहले की तरह लागू रहेगी. यानी कोई व्यक्ति अधिकतम 25,000 रुपये तक भारतीय करेंसी के साथ ले जा सकता है. इस फैसले से नेपाल घूमने जाने वाले भारतीय पर्यटकों के साथ-साथ भारत के साथ कारोबार करने वाले नेपाली नागरिकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है. नेपाल राष्ट्र बैंक ने पहले ही इन नियमों को लेकर जानकारी जारी कर दी थी. इसके बाद गुरुवार को एक बार फिर नोटिस जारी कर नियमों को साफ किया गया है. NRB के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल ने बताया कि नेपाली नागरिक भारत के अलावा किसी दूसरे देश से भारतीय करेंसी लेकर नेपाल नहीं आ सकते. इसी तरह नेपाल से किसी तीसरे देश में भारतीय करेंसी ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी. नेपाली नागरिक भारतीय रुपये को सिर्फ भारत से जुड़े लेनदेन और यात्रा के लिए ही ले जा सकेंगे. भारत में 8 नवंबर 2016 को 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों को बंद कर दिया गया था. इसके बाद नए डिज़ाइन वाले 500 रुपये के नोट जारी किए गए. इसी दौरान नेपाल ने 100 रुपये से ज्यादा कीमत वाले भारतीय नोटों के इस्तेमाल और नेपाल में ले जाने पर रोक लगा दी थी. हालांकि, भारतीय करेंसी ले जाने की कुल सीमा 25,000 रुपये ही थी, लेकिन यात्रियों को 100 रुपये या उससे छोटे नोटों तक ही सीमित रहना पड़ता था. अब नए नियमों के तहत 9 नवंबर 2016 के बाद जारी 200 और 500 रुपये के नोटों को भी मंजूरी दी गई है. वहीं, 2016 से पहले जारी पुराने 500 और 1,000 रुपये के नोट अभी भी नेपाल में प्रतिबंधित रहेंगे. नए नियमों से भारत और नेपाल के बीच यात्रा और कारोबार करने वाले लोगों को फायदा मिल सकता है. दोनों देशों के बीच खुली सीमा है और लोगों के बीच लंबे समय से मजबूत रिश्ते हैं. नेपाल भारतीय पर्यटकों के लिए लोकप्रिय जगह है, जबकि बड़ी संख्या में नेपाली नागरिक भारत में रहते, पढ़ते और काम करते हैं. इसके अलावा दोनों देशों के बीच व्यापार भी बड़े स्तर पर होता है. ऐसे में 200 और 500 रुपये के नोटों को ले जाने की अनुमति से यात्रियों के लिए कैश संभालना आसान हो सकता है. हालांकि, 25,000 रुपये की सीमा और पुराने 500 व 1,000 रुपये के नोटों पर लगी रोक अभी भी लागू रहेंगी.
