दुर्गापुर के कोकोवेन थाना अंतर्गत रेलवे गुड्स शेड इलाके में फ्लाईओवर के नीचे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर सड़क पर घसीटे जाने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या कर शव को छिपाने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे के गुड्स यार्ड में अक्सर खाली ट्रक खड़े रहते हैं और कई चालक पास के एक मकान में ठहरते हैं। रविवार को भी वहां कई ट्रक खड़े थे, तभी फ्लाईओवर के नीचे दुर्गंध आने पर लोगों की नज़र शव पर पड़ी। सड़क पर बने घसीटने के निशानों का पीछा करते हुए लोग जब आगे बढ़े, तो उन्हें एक मकान के अंदर से बाहर तक खींचे जाने का संदेह हुआ। स्थानीय निवासी शंभू दास के मुताबिक, निशानों को देखकर साफ लगता है कि शव को मकान के अंदर से खींचकर बाहर फ्लाईओवर के नीचे फेंका गया है। सूचना मिलते ही कोकोवेन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान में जुटी है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है कि युवक की मौत कैसे हुई और शव वहां तक कैसे पहुंचा।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *