पश्चिम बंगाल में कटमनी, सिंडिकेट और अवैध वसूली के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सरकार ने नई पहल शुरू की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को सिलीगुड़ी में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई चार हेल्पलाइनों को लेकर समीक्षा बैठक की। सरकार ने जनता की शिकायतों के लिए चार अलग-अलग टोल-फ्री नंबर जारी किए हैं। कटमनी से जुड़ी शिकायत के लिए 155334, सिंडिकेट के लिए 155335, अवैध रोड/टोल टैक्स के लिए 155337 और अवैध शराब के मामलों के लिए 155339 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इन हेल्पलाइनों के जरिए आम लोग बिना किसी बिचौलिए के अपनी शिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे। सरकार का कहना है कि हेल्पलाइन पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और उस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के बाद अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता लंबे समय से कटमनी, सिंडिकेट राज और अवैध वसूली जैसी समस्याओं से परेशान रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ऐसे किसी भी अवैध तंत्र को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य अवैध वसूली और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों को सीधे प्रशासन तक पहुंचाना और कार्रवाई की प्रक्रिया को तेज करना है। चार अलग-अलग हेल्पलाइन नंबरों के जरिए शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
