मांडोठी गांव के पास दर्दनाक हादसा हो गया. कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और कैंटर में टक्कर हो गई. इस हादसे में 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 2 दर्जन से ज्यादा घायल हैं. घायलों को इलाज के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है. तीनों को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि गोगामेड़ी धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप कैंटर से टकरा गई. श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी से पिकअप गाड़ी में सवार होकर राजस्थान स्थित गोगामेड़ी धाम के दर्शन के लिए गए थे. वापस घर लौटते समय हादसा हुआ. केएमपी पर हादसे के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया. फिलहाल मृतकों के शवों को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है. घायलों में महिलाएं और बच्चे भी बताए जा रहे हैं. घायलों का कहना है कि उनकी गाड़ी धीरे चल रही थी. कैंटर चालक ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी और कैंटर समेत फरार हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य संभाला. सूचना मिलते ही झज्जर की उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने बहादुरगढ़ सिविल हस्पताल पहुंचकर घायलों का हल जाना ओर अच्छा इलाज का भरोसा दिया. उपायुक्त ने कहा कि ‘आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।. ये सुनिश्चित किया जाएगा कि घायलों के इलाज में कोई कमी न रहे।.
