पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में डालखोला-बकखाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कालियाचक थाना क्षेत्र के जलालपुर में एक SUV कार और ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात एक SUV कार में सवार होकर पांच लोग मालदा से कालियाचक की ओर जा रहे थे। जलालपुर में एक अस्पताल के पास अचानक गाड़ी में तकनीकी खराबी आ गई। ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी नहीं रुकी। नियंत्रण खोने के बाद कार सड़क पार कर उल्टी दिशा वाले लेन में चली गई। जैसे ही बेकाबू कार विपरीत दिशा में पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कालियाचक थाने की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों का इलाज चल रहा है, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मृतक और घायलों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। कालियाचक थाना पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात व्यवस्था को दोबारा सामान्य कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *