ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपार सफलता हासिल करने के बाद देश की सबसे चर्चित वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर सिनेमाई धमाल मचाने आ रही है। मंगलवार को मुंबई में आयोजित एक भव्य इवेंट के दौरान ‘मिर्जापुर: द मूवी’ (Mirzapur: The Movie) का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म के सह-निर्माता फरहान अख्तर ने खुलासा किया कि इस सीरीज को थिएटर तक लाने का मुख्य श्रेय दर्शकों के लगातार प्यार और भारी मांग को जाता है। 250 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनी यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी। इवेंट में पत्रकारों से बात करते हुए फरहान अख्तर ने बताया, “वर्ष 2018 में जब से पहला सीजन आया, दर्शक लगातार इसके अगले भाग की मांग कर रहे थे। मैं जहां भी जाता था, लोग मुझसे बस यही सवाल पूछते थे कि ‘मिर्जापुर कब आ रहा है?’ जब फिल्म की घोषणा हुई, तब भी इसकी रिलीज डेट को लेकर फैंस में भारी उत्सुकता थी। फैंस की इसी जिद और प्यार की बदौलत ही आज हम पुरानी और नई स्टार कास्ट को एक साथ बड़े पर्दे पर ला सके हैं।” इसके साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में राइटर पुनीत कृष्णा की पहली पिच को याद करते हुए कहा कि शुरुआत में उनका आइडिया सुनकर हमें लगा था कि उन्हें साइकेट्रिस्ट के पास भेजना चाहिए, लेकिन बाद में इस कहानी ने सभी का दिल जीत लिया। ट्रेलर लॉन्च इवेंट की सबसे बड़ी खासियत मुन्ना भैया (दिव्येंदु शर्मा) की वापसी रही। सीरीज में अपने किरदार की मौत के बाद सोशल मीडिया पर चले ट्रेंड को लेकर जब उनसे सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “हिंदी फिल्म के हीरो हैं हम… हम अमर हैं!” वहीं, इस बार फिल्म में बबलू पंडित का किरदार जितेंद्र कुमार निभाते नजर आएंगे, जिसे सीरीज में विक्रांत मैसी ने निभाया था। इसके अलावा रवि किशन, सोनल चौहान और मोहत मलिक जैसे नए चेहरे भी इस सिनेमाई जंग में शामिल हुए हैं। फिल्म के ट्रेलर में कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी), गुड्डू पंडित (अली फजल) और मुन्ना भैया के बीच मिर्जापुर की ‘गद्दी’ पर कब्जे की पुरानी जंग और भीषण होती दिख रही है। यह फिल्म पहले सीजन की कहानी पर आधारित है, लेकिन बड़े पर्दे के अनुभव को ध्यान में रखते हुए इसकी कहानी और स्केल में काफी बदलाव किए गए हैं। इस बार मिर्जापुर की जंग केवल पूर्वांचल की गलियों तक सीमित न रहकर रेगिस्तान और नए क्षेत्रों तक फैलती नजर आएगी। एक्सेल एंटरटेनमेंट (Excel Entertainment) के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, श्वेता त्रिपाठी समेत कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। इसे अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने मिलकर बनाया है। फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मिर्जापुर की गद्दी पर आखिर किसका राज कायम होता है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *