राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित एवं फिल्म ‘दामू’ के लिए मशहूर रहे दिग्गज बांग्ला फिल्मकार राजा सेन का लंबी बीमारी के बाद रविवार को यहां एक राजकीय अस्पताल में निधन हो गया. वह 71 वर्ष का था. वह कई स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती थे. उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था. अस्पताल के सूत्रों ने राजा सेन के निधन की जानकारी दी. अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि फेफड़ों, हृदय और गुर्दे से जुड़ी जटिलताओं के बाद सेन की हालत पिछले कुछ दिनों में काफी बिगड़ गयी थी. उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं. उपचार के बावजूद उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी. घर में गिर जाने की वजह से सेन को पीठ के निचले हिस्से में चोट लगी थी. चोटिल होने के बाद शुरू में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी हालत बिगड़ गई और बाद में फेफड़ों तथा हृदय संबंधी जटिलताएं हो गईं. उन्हें सोमवार को एसएसकेएम अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां बाद में उन्हें गुर्दे से संबंधित जटिलताएं भी हो गयीं. फिल्मकार के निधन से बांग्ला फिल्म और टेलीविजन जगत में शोक उत्पन्न हो गया. राजा सेन ने वर्ष 1996 में ‘दामू’ के साथ फीचर फिल्म निर्देशन में पदार्पण किया था. इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था. सेन ने अपने लंबे करियर के दौरान कई फीचर फिल्मों, टेलीविजन धारावाहिकों और वृत्तचित्रों का निर्देशन किया.

  • आत्मीय स्वजन
  • देश
  • देवीपक्ष
  • कृष्णकांतेर एर विल
  • लेबोरेटरी
  • माया मृदंग

वर्ष 2002 में आयी उनकी फिल्म ‘देश’ में जया बच्चन और अभिषेक बच्चन ने अभिनय किया था. सेन ने रवींद्र संगीत की प्रख्यात गायिका सुचित्रा मित्र समेत कई प्रमुख हस्तियों और सांस्कृतिक व्यक्तित्वों पर वृत्तचित्र भी बनाये थे.

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *