पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की उच्च माध्यमिक तृतीय सेमेस्टर परीक्षा को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। परिषद के अनुसार परीक्षा 21 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर तक चलेगी। परीक्षा को सुचारू और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। उच्च माध्यमिक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे तक पहुंचना अनिवार्य होगा। परिषद ने विद्यार्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। इस साल तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में कुल 7,18,620 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 3,15,731 छात्र, यानी 43.94 प्रतिशत और 4,02,889 छात्राएं, यानी 56.06 प्रतिशत हैं। परिषद के मुताबिक वर्ष 2026 की तुलना में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। परीक्षा में CWSN श्रेणी के 426 परीक्षार्थी भी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए राज्य में कुल 825 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि परीक्षा आयोजित करने के लिए 2105 वेन्यू निर्धारित किए गए हैं। इनमें से 99 वेन्यू को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा में निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए 20:1 के अनुपात में इनविजिलेटर तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परिषद की ओर से एक Council Nominee भी मौजूद रहेगा। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट के साथ-साथ वेन्यू सुपरवाइजर के कमरे में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। मुख्य गेट पर परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। परिषद ने परीक्षा केंद्र में किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने का फैसला किया है। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, कैलकुलेटर समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। किसी परीक्षार्थी के पास प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने पर उसका enrolment रद्द किया जा सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले अपने सामान की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है। उच्च माध्यमिक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा बांग्ला, अंग्रेजी, हिंदी और ओलचिकी भाषाओं में आयोजित की जाएगी। इससे अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को परीक्षा देने की सुविधा मिलेगी। इस बार OMR मूल्यांकन की प्रक्रिया में भी विशेष व्यवस्था की गई है। परिषद के अनुसार OMR की जांच मशीन के माध्यम से की जाएगी और इसके लिए किसी परीक्षक की नियुक्ति नहीं होगी। वहीं लिखित OMR उत्तरपुस्तिकाओं की आंशिक जांच कार्यालय के माध्यम से की जाएगी।परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जारी किए जाएंगे। वहीं प्रश्नपत्रों का वितरण 11 सितंबर को राज्य के 56 कैंपों के माध्यम से किया गया। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों और परीक्षा से जुड़े कर्मचारियों की सहायता के लिए परिषद की ओर से Help Desk और Control Room की व्यवस्था की गई है। Help Desk के लिए 033-23370792 और 6289886606 नंबर जारी किए गए हैं। वहीं Control Room का नंबर 033-23379661 है।

By UJAGAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *