अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश से दो दर्जन बुलडोजर मंगाए जा रहे हैं। इसकी बुकिंग भी हो गई है। यह बातें बंगाल में दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने कही। वह गुरुवार को सिलीगुड़ी में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। राजू बिष्ट दूसरी बाद दार्जिलिंग से सांसद बने हैं। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार रहते,उन्होंने कभी भी राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक बैठक नहीं की थी। राज्य सरकार के अधिकारी उनकी सुनते भी नहीं थे। अब भाजपा की सरकार बनते ही वह भी एक्शन में आ गए हैं। राजू बिष्ट ने सिलीगुड़ी में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा जो लोग अवैध निर्माण कर रहे हैं, वे खुद ही उन्हें तोड़ दें, वरना हमारी टीम आएगी और बुलडोजर चलाएगी। सिलीगुड़ी के विभिन्न इलाकों में अवैध निर्माणों की पहचान का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा जमीन से जुड़े अवैध कारोबार पर भी नई सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी। भूमाफिया की पहचान की जा रही है। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर एसडीओ कार्यालय में प्रशासनिक बैठक की। इसमें सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी, एसपी समेत कई उच्च अधिकारी मौजूद रहे।
