बिहार की राजधानी पटना में उस समय सनसनी फैल गई जब चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना में करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग की गई। गोलीबारी के दौरान सड़क किनारे लगे खान सर के पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए गए. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ये घटना शहर के दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ी हो सकती है. बताया जा रहा है कि खान सर और एक अन्य कोचिंग संस्थान के संचालक के बीच लंबे समय से प्रतिस्पर्धा चल रही थी. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही मुसल्लहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. थाना प्रभारी सितु कुमारी ने बताया कि फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई है और मामले का सत्यापन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी में 5 से 6 राउंड गोली चलने की बात सामने आई है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है. इसके साथ ही स्थानीय दुकानदारों, छात्रों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि फायरिंग में शामिल लोग कौन थे और उनका उद्देश्य क्या था. फिलहाल किसी के घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, घटना ने शहर के प्रमुख कोचिंग हब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मुसल्लहपुर इलाका पटना का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र माना जाता है, जहां रोजाना हजारों छात्र कोचिंग के लिए पहुंचते हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. फायरिंग के पीछे आपसी रंजिश, कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा या किसी अन्य कारण की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.
