बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने गुरुवार को कहा कि राज्य में भाजपा की नई सरकार ने पिछली सरकार के कथित संरक्षण वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान शुरू किया है और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है। भाजपा के पिछले माह राज्य की सत्ता संभालने के बाद नवगठित 18वीं विधानसभा के पहले सत्र के शुभारंभ पर परंपरागत अभिभाषण देते हुए रवि ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में विस्तार से बताया और कानून-व्यवस्था, सीमा सुरक्षा, औद्योगिक विकास एवं कल्याणकारी कदमों को प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नई सरकार ने उन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है जिन्हें पिछली सरकार का संरक्षण प्राप्त था। रवि ने कहा कि राज्य में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों (बांग्लादेशी घुसपैठियों व रोहिंग्या) की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है। रवि ने यह भी कहा कि नई सरकार ने राज्य में ‘धमकाने की संस्कृति’ और भ्रष्टाचार के गिरोहों को खत्म करने का भी संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। 20 पन्नों के अभिभाषण में राज्यपाल ने पिछले माह सरकार गठित होने के कुछ ही दिनों के भीतर सीमा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कंटीले बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि उपलब्ध कराने के राज्य सरकार के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कदम से बंगाल से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी। राज्यपाल रवि ने कहा कि राज्य सरकार धमकाने की संस्कृति और भ्रष्टाचार के गिरोहों को खत्म करेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन महिलाओं तथा कमजोर एवं वंचित वर्गों पर अत्याचार के खिलाफ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति अपनाएगा। राज्यपाल ने कहा कि सरकार जबरन वसूली और भ्रष्ट गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है तथा वह अवैध बालू एवं कोयला खनन पर रोक लगाएगी। रवि ने कहा कि सरकार राज्य के लोगों के सामने मौजूद चुनौतियों से पूरी तरह अवगत है और पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन के जरिए उनका समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्यपाल ने राज्य को निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में पेश करते हुए कहा कि सरकार बंगाल को उद्योगों के अनुकूल बनाने और रोजगार एवं आर्थिक विकास के अवसर पैदा करने पर विशेष ध्यान दे रही है। विधानसभा सत्र की दिशा तय करने वाला राज्यपाल का यह अभिभाषण ऐसे समय हुआ है, जब भाजपा ने कुछ सप्ताह पहले पिछले माह की शुरुआत में राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बंगाल में अपनी पहली सरकार बनाई है। वहीं, मार्च में बंगाल का राज्यपाल बनने के बाद रवि का भी राज्य विधानसभा में यह पहला अभिभाषण था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *