पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड (WBJEEB) ने 18 जून को पश्चिम बंगाल जेईई परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. नोटिफिकेशन के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में होने वाले इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर और फार्मेसी में अंडर-ग्रेजुएट कोर्सेज में प्रवेश के लिए आयोजित पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा (WBJEE) 2026 के रिजल्ट का लिंक शाम 4 बजे wbjeeb.nic.in और wbjeeb.in पर एक्टिव हो जाएगा. यह परीक्षा 24 मई को पश्चिम बंगाल में इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, फार्मेसी और आर्किटेक्चर में अंडर-ग्रेजुएट कोर्सेज में एडमिशन के लिए आयोजित की गई थी. जनरल मेरिट रैंक लिस्ट में शाश्वत बनर्जी ने पहला स्थान हासिल किया है यानी वो इस परीक्षा के टॉपर बने हैं. उनका पासिंग प्रतिशत 97.74 है और वह सीबीएसई बोर्ड के छात्र हैं. उनके बाद सौरिधो मंडल दूसरे नंबर पर हैं और वो आईएससी बोर्ड के छात्र हैं और उमंग भुत तीसरे स्थान पर हैं. इसके बाद की रैंक में चौथे स्थान पर राहुल कोनाई हैं, जो आईएससी बोर्ड के छात्र हैं, जबकि पांचवें स्थान पर सर्बन भट्टाचार्य हैं, जो सीबीएसई के छात्र हैं. वहीं, छठे स्थान पर अर्हा भट्टाचार्य, सातवें स्थान पर सृजन सुइर, आठवें स्थान पर मनीष सेनापति, नौवें स्थान पर सब्यसाची लस्कर और 10वें स्थान पर देबोजीत पाल हैं. बोर्ड ने पुष्टि की है कि इस साल 92,753 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है. परीक्षा में 71 प्रतिशत पुरुष उम्मीदवार, 29 प्रतिशत महिला उम्मीदवार और 2 ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल हुए थे. दरअसल, मेरिट लिस्ट मैथ्स, फिजिक्स और केमिस्ट्री में उम्मीदवारों के परफॉर्मेंस को दर्शाती है, जो मिलकर राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा में उनकी स्थिति निर्धारित करते हैं. अब पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड 29 जून तक WBJEE 2026 की काउंसलिंग शुरू कर देगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *