हॉरर फिल्मों में बेहतरीन अदाकारी करने वाले अभिनेता इमरान हाशमी पांच वर्षों के बाद एक बार फिर हॉरर जॉनर फिल्म में नजर आने वाले हैं। उनकी नई फिल्म ‘रूह’ की घोषणा हो चुकी है। मेकर्स ने इसका पहला लुक भी जारी किया है। इसमें यह भी जानकारी दी गई है कि यह कब रिलीज होगी। फिल्म के मेकर्स ने एक वीडियो के जरिए फिल्म ‘रूह’ की घोषणा की है। 52 सेकंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि एक जंगल में एक रहस्यमयी लड़की है। इसके बाद एक धुंधला सा शीशा नज़र आता है। इस शीशे को एक रहस्यमयी हाथ साफ करता है। शीशे में इमरान हाशमी का चेहरा नज़र आता है। देखते-देखते इमरान हाशमी की आंखें काली हो जाती हैं। इसके बाद फिल्म का टाइटल ‘रूह’ लिखा नजर आता है। मेकर्स ने वीडियो में ही बताया है कि यह फिल्म 2027 में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु जैसी भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म के निर्देशक मयंक शर्मा होंगे। इसके लेखक मयंक शर्मा और विशाल कपूर हैं। फिल्म के निर्माता विक्रम खंखर और सनी खन्ना होंगे। बॉलीवुड हंगामा ने इमरान हाशमी के हवाले से लिखा है ”रूह’ एक ऐसी फिल्म है जिसने मुझे तुरंत अपनी ओर खींचा, क्योंकि इसमें नए जमाने की हॉरर, भावना और संगीत का बहुत जबरदस्त मेल है। दर्शक हमेशा से मुझे इस तरह की फिल्मों से जोड़कर देखते आए हैं। मयंक जिस दुनिया को बना रहे हैं, वह बहुत दमदार, इमोशनल और सिनेमैटिक लगती है। ‘रूह’ के बारे में इसी बात ने मुझे सबसे ज्यादा उत्साहित किया है। मैं सच में चाहता हूं कि दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देखें।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *