जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बादल फटने और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। जिले के भलेसा क्षेत्र के खलजुगासर इलाके में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने फसलों, बाग-बगीचों और निजी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया। वहीं मलबा और पानी आने से कई सड़कें बंद हो गईं, जिससे कई गांवों का संपर्क घंटों तक बाकी क्षेत्रों से कट गया। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। डोडा जिले के भलेसा के खलजुगासर क्षेत्र में बादल फटने के बाद तेज बहाव के साथ आई बाढ़ ने खेतों और बाग-बगीचों को अपनी चपेट में ले लिया। किसानों की खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं, जबकि कई मकानों और अन्य निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। लगातार बारिश और मलबा आने के कारण डोडा जिले की कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं। इससे भलेसा का भट्यास इलाका घंटों तक बाकी क्षेत्रों से कटा रहा। सड़क संपर्क बाधित होने से लोगों को आवश्यक सेवाओं और दैनिक जरूरतों के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। डोडा के कश्तीगढ़ क्षेत्र में भी भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, प्रशासन के अनुसार अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों का आकलन किया जा रहा है। बादल फटने के बाद कई जल स्रोत उफान पर आ गए, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और मिट्टी का कटाव हुआ। प्रशासन ने बंद सड़कों को जल्द खोलने के लिए मशीनें तैनात कर दी हैं। राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में लोगों की सहायता और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *